“हिन्द देश का प्यारा झंडा” एक देशभक्ति गीत है, जो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, गौरव और एकता के भाव को व्यक्त करता है। इस गीत में तिरंगे झंडे के तीन रंग केसरिया, सफेद और हरा के प्रतीकात्मक अर्थों का वर्णन किया गया है, साथ ही अशोक चक्र के महत्व को भी दर्शाया जाता है।
यह गीत श्री रामदयाल पांडेय जी द्वारा लिखा गया है, जो अक्सर विद्यालयों में, राष्ट्रीय पर्वों (जैसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस) पर और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों में बड़े शान से गाया जाता है। इस गीत का उद्देश्य नागरिकों में देश के प्रति गर्व और निष्ठा की भावना जगाना है।
गीत के लिरिक्स
हिन्द देश का प्यारा झंडा ऊँचा सदा रहेगा
तूफानों और बादलों से भी ये नहीं झुकेगा
नहीं झुकेगा, नहीं झुकेगा, झंडा नहीं झुकेगा
हिन्द देश का प्यारा झंडा…
केसरिया बल भरने वाला, सादा है सच्चाई
हरा रंग है हरी हमारी, धरती की अँगड़ाई
कहता है यह चक्र हमारा, कदम कभी ना रुकेगा
हिन्द देश का प्यारा झंडा…
शान हमारी यह झंडा है, यह अरमान हमारा
यह बल पौरुष है सदियों का, यह बलिदान हमारा
आसमान में फहराए, यह सागर में लहराए
जहाँ-जहाँ जाए ये झंडा, यह सन्देश सुनाए
है आज़ाद हिन्द ये दुनिया को आज़ाद करेगा
हिन्द देश का प्यारा झंडा…
नहीं चाहते हम दुनिया को अपना दास बनाना
नहीं चाहते हम औरों के मुँह की रोटी खाना
सत्य न्याय के लिए हमारा लहू सदा बहेगा
हिंद देश का प्यारा झंडा…
हम कितने सुख सपने लेकर इसको फहराते हैं
इस झंडे पर मर मिटने की कसम सभी खाते हैं
हिन्द देश का यह झंडा घर-घर में लहराएगा
हिन्द देश का प्यारा झंडा…
– रामदयाल पांडेय
गीत का भावार्थ
भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा की महिमा, गौरव और उसके प्रतीकात्मक संदेश को व्यक्त करते इस देशभक्ति गीत में कहा गया है है कि हिंद देश यानि भारत देश का यह प्यारा तिरंगा हमेशा ऊँचा लहराता रहेगा, चाहे कितने भी तूफान या बाधाएँ क्यों न आएँ, वह कभी नहीं झुकेगा।
हमारे राष्ट्रीय ध्वज के ऊपरी पट्टी में केसरिया रंग साहस और बलिदान की प्रेरणा देता है, सफेद रंग सत्य और शांति का प्रतीक है, और हरा रंग हमारी धरती की हरियाली व समृद्धि का प्रतीक है। ध्वज के मध्य में गहरे नीले रंग से सजा अशोक चक्र प्रगति और निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश देता है।
इस देशभक्ति गीत में तिरंगे झंडे को हमारी शान, हमारे अरमान, हमारे पौरुष और हमारे बलिदानों का प्रतीक बताया गया है, जो आसमान में भी फहराता है और सागर में भी लहराता है, और जहाँ-जहाँ जाता है, वहाँ हमारी स्वतंत्रता का संदेश देता है।
इस गीत के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया है कि हम किसी को अपना दास नहीं बनाना चाहते और न ही दूसरों के अधिकार छीनना चाहते हैं। हम सत्य और न्याय के लिए अपना रक्त बहाने को सदैव तत्पर हैं।
अंत में, झंडा हमारे सपनों और संकल्पों का प्रतीक है, जिसे फहराते समय हम उसके लिए प्राण न्यौछावर करने की शपथ लेते हैं और संकल्प करते हैं कि यह झंडा हर घर में लहराएगा।
इस गीत के लिरिक्स डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें –
“हिन्द देश का प्यारा झंडा” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के भाव को व्यक्त करता है। इसकी ये पंक्तियाँ हमें स्मरण करती हैं कि यह तिरंगा झंडा सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि उन अनगिनत बलिदानों, त्याग और संघर्षों की जाता है जिन्होंने हमें स्वतंत्रता दिलाई।
यह गीत हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, सत्य और न्याय के मार्ग पर डटे रहने तथा राष्ट्र की अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए हर क्षण तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।