Ghughutiya Festival-लोककथा एवं घुघुते बनाने की सरल विधि।

Admin

Updated on:

Ghughutiya Festival

Ghughutiya Festival : उत्तराखण्ड में मकर संक्रान्ति का पर्व ‘उत्तरायणी या ‘घुघुतिया’ त्यार (त्यौहार) के रूप में मनाया जाता है और काले कौए को इस दिन आटे के बने हुए घुघुते, खजूर के पकवान खाने के लिए विशेष अतिथि के रूप में बुलाया जाता है। बच्चे मकर संक्रांति के दिन घुघुतों की माला अपने गले में डाल कर कौवे को बुलाते हैं और कहते हैं –

“काले कौआ काले ! घुघुते माला खाले !।।
“लै कावा भात में कै दे सुनक थात”।।
“लै कावा लगड़ में कै दे भै बैंनू दगड़”।।
“लै कावा बौड़ मेंकै दे सुनौक घ्वड़”।।

(हे काले कव्वे ! घुघुतों की माला खाले। हे कव्वे ! भात खाले और उसके बदले मुझे सोने का थाल दे दे। हे कव्वे ! पूरी खाले उसके बदले मुझे भाई बहिनों का साथ दे दे। हे कव्वे ! बड़ा खाले और उसके बदले मुझे सोने का घोड़ा दे दे)

कभी कोई जमाना था जब दुहरी-तिहरी घुघुतों की माला पहने हर पहाड़ी बालक हो या वृद्ध या महिलाएं कौवों को बुलाकर ‘उत्तरायणी त्योहार का स्वागत किया करते थे पर अब इसकी लोक परंपरा धीरे धीरे लुप्त होती जा रही है और पहाड़ के कौए भी उत्तरायणी के दिन निराश होकर चले जाते हैं कि जिन मकानों से उनको इस दिन घुघुते-बड़े खाने को मिलते थे वहां आज ताले लटके हैं। वहां के स्वामी अपने रोजगार के लिए घर छोड़ कर पलायन करके चले गए हैं तो अब कहां से मिलेगा उन्हें खाने को घुघुते और बड़े जिससे कि वे उन गृहस्वामियों को उन्हें सोने के घड़े का उपहार दे सकें। ( Ghughutiya Festival )

चिंता की बात है कि हम आज न केवल पहाड़ से बल्कि उस अपनी प्रकृतिनिष्ठ हिमालयीय लोक संस्कृति से भी दूर होते जा रहे हैं जिसमें एक कौए जैसे पक्षी के लिए भी अत्यंत आत्मीयता के बोल बोले जाते हैं। घुघुती हो या कौए प्रकृति की गोद में विचरण करने वाले इन पक्षियों के रचना संसार से ही उत्तरायणी जैसी पहाड़ की लोक संस्कृति को नव जीवन मिलता है। ( Ghughutiya Festival )

Ghughutiya Festival – घुघुतिया त्यार के बारे में लोक कथा

कुमाऊं की वादियों में प्रचलित एक स्थानीय लोककथा के अनुसार कुमाऊं के चंदवंशीय राजा कल्याण चंद को बागेश्वर में भगवान बागनाथ की तपस्या के उपरांत राज्य का इकलौता उत्तराधिकारी पुत्र निर्भय चंद प्राप्त हुआ था,जिसे रानी प्यार से ‘घुघुती’ कह कर पुकारती थी। ‘घुघुती’ पर्वतीय इलाके के एक पक्षी को कहा जाता है। राजा का यह पुत्र भी एक पक्षी की तरह उसकी आँखों का तारा था। उस बच्चे के साथ कौवों का विशेष लगाव हो गया था। बच्चे को जब खाना दिया जाता था तो वह कौवे उसके आस पास रहते थे और उसको दिए जाने वाले भोजन से वे अपनी भूख मिटाया करते थे। एक बार राजा के मंत्री ने षड़यंत्र रच कर राज्य प्राप्त करने की नीयत से से उस ‘घुघुती’ नामक राजपुत्र का अपहरण कर लिया। वह उस मासूम बच्चे को जंगलों में फैंक आया। पर मित्र कौवे वहां भी उस बच्चे की मदद करते रहे। इधर राजमहल से बच्चे का अपहरण होने से राजा बहुत परेशान हुआ। कोई गुप्तचर यह पता नही लगा सका आखिर ‘घुघुती’ कहां चला गया ? तभी रानी की निगाह एक कौवे पर पड़ी। वह बार बार कहीं उड़ता था और वापस राजमहल में आकर ‘कांव कांव’ करता था। उसी समय कौवा ‘घुघुती’ के गले में पड़ी मोतियों की माला को राजमहल में ले आया। इससे रानी को पुत्र की कुशलता का संकेत मिला और रानी ने यह बात राजा को बताई। राजा ने अपने नौकर चाकरों के साथ उस कौवे का पीछा किया तो राजा का पुत्र जंगल में मिल गया जहां पर उसके चारों ओर कौवे घेरा बांध कर उस बच्चे की रक्षा कर रहे थे। 

राजा को इस घटना से इस असलियत का भी पता चला कि उसके राज्य के कौवे भी कितने वफादार हैं? और उसके मंत्री कितने राजद्रोही हैं! कौवों ने उसके पुत्र की जान बचाई है तो उसने प्रति वर्ष ‘उत्तरायणी’ के दिन ‘घुघुतिया त्यौहार मनाने का फैसला किया जिसमें कौवो को विशेष भोग लगाने की प्रथा शुरू हुई। तभी से कुमाऊं में घुघुतिया त्यौहार के दिन आटे में गुड़ मिलाकर पक्षी की तरह के घुघुतों के आकार के स्वादिष्ट पकवानों की माला तैयार करने और कौओं को पुकारने की प्रथा प्रचलित है। कौए, घुघुती आदि पक्षियों से प्रेम करने का संदेश देने वाले इस ‘घुघुतिया ’ त्यौहार की परम्परा आज भी उत्तरायणी के स्थानीय त्योहार के रूप में कुमाऊ अंचल में जीवित है। 

घुघुते बनाने के सरल विधि

कुमाऊं क्षेत्र में घुघुते बनाने के पीछे यह मान्यता है कि यह एक ऐसा व्यंजन है जो केवल उत्तरायणी के अवसर पर ही बनाया जाता है। इस व्यंजन को बनाने की विधि सरल है। सबसे पहले पानी गरम करके उसमें गुड़ डालकर चाश्नी बना ली जाती है, फ़िर आटा छानकर इसे आटे में मिलाकर गूंथ लिया जाता है। जब आटा रोटी बनाने की तरह तैयार हो जाता है तो आटे की करीब 6″ लम्बी और अंगुलि की मोटाई वाली आकृतियों को हिन्दी के ४ की तरह मोड़कर नीचे से बंद कर दिया जाता है। इन ४ की तरह दिखने वाली आकृतियों को स्थानीय भाषा में ‘घुघुते’ कहते हैं। घुघुतों के साथ साथ इसी आटे से अन्य तरह की आकृतियाँ भी बनायी जाती हैं, जैसे, डमरू, सुपारी, टोकरी, तलवार, ढाल आदि। पर सामान्य रूप से इन सब पकवानों को ‘घुघुत’ नाम से ही जाना जाता है। घुघुते बनाने का क्रम दोपहर के बाद से शुरु हो जाता है जिसमें परिवार का हर सदस्य हिस्सा लेता है।

आटे की आकृतियां बन जाने के बाद इनको सुखाने के लिए फ़ैलाकर रख दिया जाता है। रात तक जब घुघुते सूख कर थोड़ा ठोस हो जाते है तो उनको घी या वनस्पति तेल में पूरियों की तरह तला जाता है। किसी को भी तलते समय बात करने की मनाही रहती है। बच्चों को कहा जाता है कि अगर शोर करोगे तो घुघुते उड़ जायेंगे। घुघुतों को तलने के बाद इनकी माला बनायी जाती है, जिसमें मूंगफ़ली, मौसमी फ़ल जैसे सेव, नारंगी, अन्य मेवे भी पिरोये जाते हैं। माला में तलवार, ढाल, हुड़का की आकृति के घुघते भी पिरोए जाते हैं। घुघुतों की माला बनाने के बाद इनको अगले दिन कौओं को खिलाने के लिए सुरक्षित रख दिया जाता है।एक विशेष बात यह रहती है कि घुघुते कौओं को खिलाने से पहले कोई नहीं खा सकता। कौओं को पितरों का प्रतीक मानकर यह पितरों को अर्पण की जाने वाली पूजा सामग्री मानी जाती है।

कुमाऊँ के अल्मोड़ा,चम्पावत,नैनीताल तथा उधमसिंह नगर जनपदीय क्षेत्रों में मकर संक्रान्ति को माघ मास के 1 गते को घुघुते बनाये जाते हैं और अगली सुबह 2 गते माघ को कौवे को दिये जाते हैं। वहीं रामगंगा पार के पिथौरागढ़ और बागेश्वर अंचल में मकर संक्रान्ति की पूर्व संध्या यानी पौष मास के अंतिम दिन अर्थात मासान्त को ही घुघुते बनाये जाते हैं और मकर संक्रान्ति अर्थात माघ 1 गते को कौवे को खिलाये जाते हैं। इसके बाद रिश्तेदारों तथा मित्रगणों के घर-घर घुघुते बांटने का सिलसिला शुरू होता है। जो सदस्य घर से दूर रहते हैं उनके लिए घुघुते पार्सल और कोरियर के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं। घुघुतिया के दिन घुघुते बनाने के बाद इनको दुबारा बसन्त पंचमी तक बनाया जा सकता है।

Ghughutiya Festival कौओं के प्रति सौहार्दभाव का पर्व

भारत में पशु पक्षियों से सम्बंधित कई पर्व मनाये जाते हैं पर कौओं के प्रति सौहार्द प्रकट करने वाले इस अनोखे त्यौहार को मनाने की प्रथा केवल उत्तराखण्ड के कुमाऊँ अंचल में ही प्रचलित है। वैसे कौए की चतुराई के बारे में कहावत है कि पक्षियों में कौआ सबसे बुद्धिमान होता है। कौए की चतुराई के बारे में कई वैज्ञानिक शोधों से भी यह सिद्ध हो चुका है कि कौए का मष्तिष्क अन्य पशु-पक्षियों से अधिक विकसित होता है। 

पहाड़ के लोकपर्व हमें अपनी लोक संस्कृति की परम्पराओं से जोड़ने के विशेष माध्यम हैं। घी त्यार का पर्व इस दृष्टि से विशेष महत्त्वपूर्ण है। उत्तरायणी पर लाड़ली बेटियां ससुराल से मैत आती हैं। इस ख़ुशी में रट लगा कर बुलाने वाले ‘कागा’ का मुंह भी मीठा किया जाता है। बच्चे लाती हुई मीठी बोली में उन्हें निमंत्रण देते हुए कहते हैं-

ऐजा कवा ऐजा बांटि चुटि खैजा,
उत्तरैणि ऐछा घुगुति ल्यै रैछा।

घुघुती त्यार पर घुघती पक्षी का बांसना भी बहु-बेटियों के लिए खुशी का संकेत होता है-

मैतै की नराई लै रै सुण मेरी बैंण,
घुगुति घुरण लैगे ऐगे उतरैण ॥

Happy Ghughutiya, Uttrayani and Makar Sankranti Wishes in Hindi – Click here

आलेख : स्वर्गीय डा.मोहन चन्द तिवारी

Leave a comment